छतरपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की अमलतास कॉलोनी में शुक्रवार को दिनदहाड़े महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान ज्योति चौरसिया के रूप में हुई है। वह शहर के एक होटल में वेटर का काम करती थी। वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज ने घटना की पूरी तस्वीर की जांच में पुलिस के लिए अहम सुराग दिया है
जानकारी के मुताबिक ज्योति अमलतास कॉलोनी की ओर दौड़ती हुई आ रही थी। इसी दौरान पीछे से आए युवकों ने उस पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से गर्दन पर किए गए वार में ज्योति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई वारदात, फुटेज से आरोपियों की तलाश
घटना के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। अब घटना से जुड़ा फुटेज सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं।
दिनदहाड़े हत्या से कॉलोनी में दहशत
अमलतास कॉलोनी जैसे रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद रहवासियों में दहशत है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुई वारदात की सूचना करीब 11:20 बजे पुलिस को मिली। सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
ज्योति की हत्या क्यों की गई, हमलावर कौन थे और वारदात के पीछे क्या कारण था, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा। पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
एक ही कॉलोनी में दूसरी हत्या से सवाल
अमलतास कॉलोनी में यह कुछ समय के भीतर दूसरी हत्या की घटना है। इससे पहले अगस्त में मालती प्रजापति की भी धारदार हथियार से हत्या हुई थी। एक ही इलाके में लगातार हत्या की घटनाओं के बाद कॉलोनी की सुरक्षा और पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।









