सीबीआई के हाथों दमोह में पकड़े गए घूसखोर खाकी निरीक्षक के सागर स्थित घर में छापेमारी

दमोह/सागर संवाददाता

मध्यप्रदेश के दमोह में ड्यूटी पर दोबारा जॉइनिंग कराने के बदले रिश्वत मांगना डाक विभाग के एक अधिकारी को भारी पड़ गया. सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए दमोह प्रधान डाकघर के उप मंडलीय डाक निरीक्षक विनय शंकर अग्रवाल को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया. मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया.

यह कार्रवाई शिकायतकर्ता हितेश की शिकायत पर की गई. शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए पूरी योजना तैयार की और रिश्वत लेते हुए उसे दबोच लिया.

10 हजार रुपए मांगे, 8 हजार में तय हुआ सौदा

जानकारी के मुताबिक, आरोपी विनय शंकर अग्रवाल ने शिकायतकर्ता हितेश से ड्यूटी पर दोबारा जॉइनिंग कराने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी. बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 8 हजार रुपए तय हुई.

शिकायत की पुष्टि के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया. तय योजना के मुताबिक, टीम ने दमोह प्रधान डाकघर स्थित आरोपी के कार्यालय में दबिश दी. इसी दौरान जैसे ही अधिकारी ने रिश्वत की रकम ली, सीबीआई की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया.

कार्यालय की दराज से मिले रिश्वत के रुपए

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई अधिकारियों ने आरोपी के कार्यालय की टेबल की दराज से रिश्वत के 8 हजार रुपए बरामद किए. इसके साथ ही मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए दमोह स्थित कार्यालय और सागर में आरोपी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया गया.

न्यायालय में पेश, जांच जारी

प्रारंभिक कार्रवाई और पूछताछ के बाद सीबीआई ने आरोपी विनय शंकर अग्रवाल को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है. एजेंसी आरोपी से जुड़े दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें