टोंक. राजस्थान के टोंक जिले में पंचायत समिति चुनाव के नतीजों के बाद चार गांवों में लगी स्ट्रीट लाइटें हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव में भाजपा विधायक के निजी सहायक (PA) की पत्नी की हार के बाद बिजली विभाग की टीम ने गांवों में लगी करीब 50 LED स्ट्रीट लाइटें हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी. ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद करीब 10 खंभों से लाइटें हटाने के बाद बाकी कार्रवाई रोक दी गई.
मामला पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-4 और रणोली ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाली ढाणियों का है. यहां कुम्हारों की ढाणी, बेगमपुरा, हनीफगंज और बीजलपुरा में करीब 50 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं. ग्रामीणों का दावा है कि ये लाइटें निवाई से भाजपा विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक आलोक शर्मा के कहने पर लगवाई गई थीं. आलोक शर्मा की पत्नी प्रियंका शर्मा ने इसी वार्ड से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
ग्रामीणों के मुताबिक, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) की टीम गांव पहुंची और बिजली के खंभों पर लगी लाइटें उतारने लगी. टीम की इस कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया. इस दौरान कुम्हारों की ढाणी में करीब 10 खंभों से लाइटें उतार दी गईं, जबकि विरोध के चलते शेष लाइटें हटाने की कार्रवाई रोकनी पड़ी.
बताया गया है कि नवनिर्वाचित सरपंचों ने शेष स्ट्रीट लाइटों का बिजली बिल जमा करने की जिम्मेदारी लेने पर सहमति जताई. इसके बाद विभाग ने आगे की कार्रवाई रोक दी. हालांकि, लाइटें हटाने की कार्रवाई का समय चुनावी नतीजों से जुड़ा होने के कारण ग्रामीण इसे चुनावी हार से जोड़कर देख रहे हैं.
बिजली विभाग ने बताया अवैध कनेक्शन का मामला
वहीं, बिजली विभाग ने कार्रवाई के पीछे चुनावी वजह होने से इनकार किया है. JVVNL के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर डीआर मीणा के मुताबिक, विभाग की फॉल्ट रिपेयर टीम बिजली संबंधी शिकायत दूर करने गांव गई थी. इसी दौरान टीम की नजर खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइटों पर पड़ी. जांच में सामने आया कि लाइटें बिना आधिकारिक अनुमति के सीधे बिजली के खंभों से जोड़ी गई थीं. नियमों के उल्लंघन के चलते उच्च अधिकारियों के निरीक्षण के बाद इन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू की गई. विभाग अब यह पता लगा रहा है कि लाइटें किसने लगवाई थीं.
विधायक ने भी किया चुनावी बदले के आरोपों से इनकार
निवाई विधायक रामसहाय वर्मा ने भी कार्रवाई को चुनावी हार से जोड़ने से इनकार किया है. उनका कहना है कि दिवाली से पहले उम्मीदवारों ने ये लाइटें लगवाई थीं. बाद में बिजली बिल को लेकर मामला सामने आया, जिसके बाद विभाग ने नियमों के तहत कार्रवाई की. सरपंचों की ओर से बिजली बिल भरने की सहमति दिए जाने के बाद कार्रवाई रोक दी गई.
फिलहाल, इस मामले में ग्रामीणों के आरोप और बिजली विभाग की सफाई अलग-अलग हैं. ग्रामीण कार्रवाई के समय पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि विभाग इसे अनधिकृत बिजली कनेक्शन से जुड़ा मामला बता रहा है. अब विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि लाइटें किसने और किन परिस्थितियों में लगवाई थीं.







