सागर संवाददाता
लुहारी स्थित प्राचीन पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से प्राचीन प्रतिमाओं एवं अन्य बहुमूल्य वस्तुओं की चोरी के मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गई प्रतिमाओं की बरामदगी के लिए 30 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। वहीं, जैन समाज लुहारी द्वारा भी प्रतिमाओं की बरामदगी के लिए 25 हजार रुपये के अतिरिक्त इनाम की घोषणा की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। फिंगरप्रिंट एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच के साथ-साथ पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की अन्य घटनाओं और उनमें संलिप्त अपराधियों के विवरण भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि सभी संभावित कड़ियों को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस को जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग एवं साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। इनके आधार पर आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी तथा चोरी गई प्राचीन प्रतिमाओं की बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस एवं जैन समाज ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को आरोपियों अथवा चोरी गई प्रतिमाओं के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।







