सागर। सोने के आभूषण खरीदने वालों के लिए चौंकाने वाली खबर सामने आई है। गुरुवार को सागर में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) भोपाल की टीम ने कोतवाली रोड स्थित गणपति ज्वेलर्स पर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान टीम को नकली हॉलमार्क और बिना हॉलमार्क के सोने के आभूषणों का बड़ा जखीरा मिला। टीम ने मौके से कुल 36 आभूषण जब्त किए। जिनका वजन करीब 248.77 ग्राम बताया गया है।
19 नवंबर को हुई इस कार्रवाई में 19 आभूषणों पर नकली हॉलमार्क अंकित पाया गया, जबकि 17 आभूषण बिना हॉलमार्क के मिले। जब्त आभूषणों में नकली हॉलमार्क वाले गहनों का वजन करीब 154.89 ग्राम और बिना हॉलमार्क वाले गहनों का वजन करीब 93.88 ग्राम है। कार्रवाई वार्ड क्रमांक 29 रामपुरा वार्ड स्थित मेसर्स गणपति ज्वेलर्स में की गई। भोपाल शाखा कार्यालय के उपनिदेशक हरिओम मीना और आशुतोष राय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने प्रतिष्ठान की तलाशी लेकर आभूषण जब्त किए और नियमानुसार सीलबंद कर दिए।
हॉलमार्क के नाम पर ग्राहकों से धोखाधड़ी
हॉलमार्क के नाम पर ग्राहकों को बेचे जा रहे आभूषणों की प्रामाणिकता पर इस कार्रवाई ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर उन ग्राहकों के लिए यह मामला चिंता का विषय है, जो सोने की शुद्धता और गुणवत्ता पर भरोसा करके आभूषण खरीदते हैं।
बीआईएस अधिकारियों के अनुसार अनिवार्य हॉलमार्किंग के दायरे में आने वाले क्षेत्रों में बिना वैध हॉलमार्क के सोने के आभूषण बेचना और नकली हॉलमार्क का इस्तेमाल करना भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम 2016 के तहत कानून का उल्लंघन है। मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पक्का बिल नहीं मिलने पर करें शिकायत
बीआईएस ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि सोने के आभूषण खरीदते समय हॉलमार्क की प्रामाणिकता बीआईएल क्यर एप से एचयूआईडी नंबर डालकर जांचें और पक्का बिल अवश्य लें। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर बीआईएस की वेबसाइट या ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।






