भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 40,500 घरों तक बिजली पहुंचाने की योजना को मंजूरी दी गई. इस पर 193 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. जिन बसाहटों में 20 से कम घर हैं, वहां राज्य सरकार अपने बजट से विद्युतीकरण कराएगी.
खनिज से सालाना आय 30 हजार करोड़ करने का लक्ष्य
प्रदेश में खनिज से होने वाली आय बढ़ाने के लिए खनिज विकास निगम पूरे राज्य में सर्वे कराएगा. इसके लिए केंद्र सरकार का सहयोग लिया जाएगा. साथ ही उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण कर खनिज संपदा की संभावनाएं तलाशी जाएंगी. सरकार ने खनिज से सालाना आय बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा है. वर्तमान में इससे 12,170 करोड़ रुपये की वार्षिक आय हो रही है.
सहकारी समितियों के चुनाव एक साल टले
कैबिनेट ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है. सरकार के अनुसार, समितियों के परिसीमन और नई समितियों के गठन में लगने वाले समय को देखते हुए यह फैसला किया गया है. प्रदेश में इन समितियों के चुनाव वर्ष 2018 में प्रस्तावित थे, लेकिन कर्जमाफी, नई समितियों के गठन और परिसीमन सहित अन्य कारणों से अब तक नहीं हो सके हैं.
चार जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये
रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को सरकार 50-50 करोड़ रुपये का अंशदान देगी. इस राशि से बैंकों की व्यवस्थाओं में सुधार और उन्हें मजबूत करने के काम किए जाएंगे.
2 दिसंबर को अधिकारियों का नीति चिंतन
मंत्रियों के 21 और 22 दिसंबर को प्रस्तावित चिंतन शिविर से पहले 2 दिसंबर को अधिकारियों का नीति चिंतन आयोजित किया जाएगा. इसमें अधिकारी आठ समूहों में बंटकर विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे. समूहों की ओर से प्रस्तुत अनुशंसाओं पर मंत्रियों के चिंतन शिविर में विचार किया जाएगा.







