जबलपुर/सिवनी। सिवनी के एएसपी दीपक मिश्रा ने होटल सिद्धार्थ में ठहरे युवक-युवती को गांजा रखकर झूठे एनडीपीएस मामले में फंसाने की धमकी दी थी। डीआईजी छिंदवाड़ा राकेश सिंह की जांच में धमकी देकर फंसाने के आरोप पूरी तरह सही पाए गए है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सख्त निर्देशों पर की गई इस उच्चस्तरीय जांच की रिपोर्ट बीती शाम को शासन को सौंप दी गई है। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
खबर है कि डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ में 13 नवम्बर को एक युवक और युवती ठहरे हुए थे। इसी दौरान तत्कालीन एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली टीआई सतीश तिवारी और यातायात थाना प्रभारी विजय बघेल भारी पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए होटल के सीसीटीवी फुटेज में पुलिस अधिकारियों का रौब साफ दिखाई दिया। फुटेज में अधिकारी युवक-युवती पर उनके माता-पिता को बुलाने का दबाव बनाते नजर आए। आरोप है कि जब युवक ने इसका विरोध किया, तो तत्कालीन एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा ने उसके बैग में गांजा रखवाकर जीवन बर्बाद करने और जेल भेजने की खुली धमकी दी। वीडियो वायरल होने और मामले के तूल पकडऩे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निष्पक्ष जांच के आदेश दिए थे। डीआईजी राकेश कुमार सिंह ने स्वयं सिवनी पहुंचकर पीडि़त युवक-युवती और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान पीडि़तों को पुलिसकर्मियों की तस्वीरें दिखाकर उनकी पहचान कराई गई। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हो गया कि पुलिस अधिकारियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए होटल में दबिश दी और युवक-युवती के साथ बेहद अनुचित व गैर-कानूनी व्यवहार किया।
7 पुलिसकर्मी निलंबित, 50 हजार की वसूली का एंगल अभी बाकी-
मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस मामले में पहले ही तत्कालीन एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, टीआई सतीश तिवारी, यातायात प्रभारी विजय बघेल, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, चालक कृष्णा परते और गनमैन सलमान खान को निलंबित किया जा चुका है। दूसरी ओर, होटल संचालक संजय सनोडिया ने भी पुलिस पर होटल संचालित करने के एवज में हर महीने 50 हजार रुपये की अवैध वसूली मांगने का सनसनीखेज आरोप लगाया था। हालांकि, प्राथमिक जांच में वसूली के इस आरोप की अलग से पुष्टि नहीं हो सकी है, जिस पर अभी जांच जारी है। डीआईजी की रिपोर्ट के बाद अब इन सभी दोषी पुलिसकर्मियों पर बड़ी विभागीय कार्रवाई की तलवार लटक गई है।




