मध्यप्रदेश के आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी राहत, सीएम बोले – किसी की नौकरी नहीं जाएगी

भोपाल. मध्यप्रदेश के करीब ढाई लाख आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है. प्रदेश में अब किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से बाहर नहीं किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए उन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है, जिनमें 31 मार्च 2027 तक आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त किए जाने की बात कही जा रही थी.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से हटाने के संबंध में फैलाई जा रही खबरें भ्रामक हैं. राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा और उनकी नियुक्ति को लेकर वर्तमान में लागू व्यवस्था ही जारी रहेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सरकार की ताकत और पहचान उसके कर्मचारियों की मजबूती से होती है. सरकार नीतियां और योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारकर अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का काम कर्मचारी ही करते हैं. इसलिए कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

क्या है आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी खत्म होने का पूरा मामला?

दरअसल, पिछले दिनों योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग ने वित्त विभाग के निर्देशों का हवाला देते हुए नियमित पदों के विरुद्ध कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं 31 मार्च 2027 तक समाप्त करने संबंधी निर्देश जारी किए थे. वित्त विभाग के निर्देशों में कहा गया था कि संबंधित विभाग यह तय करें कि आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं जारी रखनी हैं या नहीं. यदि सेवाएं जारी रखी जाती हैं, तो संबंधित नियमित पदों को समाप्त करना होगा. इस आदेश के बाद प्रदेश के करीब ढाई लाख आउटसोर्स कर्मचारियों में असमंजस और नाराजगी बढ़ गई थी.

कर्मचारी संगठनों ने इस फैसले के विरोध में 6 दिसंबर को आंदोलन करने की घोषणा भी की थी. हालांकि, मंगलवार को विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी. मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है. मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी यूनियन ने भी सरकार के फैसले का स्वागत किया है.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें