किराए पर देने के बहाने ₹11 लाख की कार हड़पी, पुलिस ने बरामद की हायराइडर

सागर संवाददाता 
कार किराए पर लेने के बहाने विश्वास में लिया और फिर निर्धारित समय पर वापस करने के बजाय धोखाधड़ी कर वाहन हड़प लिया। मामले में खुरई शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹11 लाख कीमत की टोयोटा हायराइडर कार बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, खुरई निवासी रोहित यादव ने 22 नवंबर को थाना खुरई शहर में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि अमन कुर्मी और प्रतीक सिंह ने उसकी टोयोटा हायराइडर कार क्रमांक MP 15 ZS 1520 किराए पर लेने के लिए संपर्क किया था। दोनों ने विश्वास में लेकर वाहन किराए पर लिया, लेकिन तय समय पर वापस मांगने के बावजूद कार नहीं लौटाई। इसके बाद फरियादी ने पुलिस से शिकायत की।
रिमांड पर लेकर पूछताछ, कार बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 344/26, धारा 318(4), 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी अमन कुर्मी पिता निरन कुर्मी, निवासी धामोनीपुरा, जिला विदिशा को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया।
पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी से प्राप्त टोयोटा हायराइडर कार बरामद की गई। पुलिस ने वाहन की अनुमानित कीमत ₹11 लाख बताई है।
दूसरा आरोपी फरार, तलाश जारी
प्रकरण में शामिल दूसरा आरोपी प्रतीक सिंह अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
वाहन किराए पर देने से पहले करें सत्यापन
सागर पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि अधिक किराए या नियमित आमदनी का लालच देकर वाहन किराए पर लेने वाले लोगों की पहचान और दस्तावेजों का पूरी तरह सत्यापन करें। बिना विश्वसनीयता जांचे वाहन किसी को न सौंपें, ताकि धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
कार्रवाई में भूमिका: थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह दांगी, उप निरीक्षक अशोक उपाध्याय, आरक्षक धीरेन्द्र सिंह राजावत और आरक्षक अभिषेक नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस की अपील: आपकी थोड़ी सी सतर्कता आपको बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें