सागर। डॉ. हरिसिंह गौर जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा प्रभात फेरी एवं जागरूकता पैदल रैली निकाली गई। रैली बाजे एवं नारों के साथ वेदांती परिसर से प्रारंभ होकर काकागंज सहित आसपास के क्षेत्रों से गुजरी। विद्यार्थियों ने नारों एवं संदेशों के माध्यम से आम नागरिकों को शिक्षा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इसके पश्चात डॉ. हरिसिंह गौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा की शपथ ली गई तथा पौधारोपण किया गया।
सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में माँ सरस्वती के पूजन एवं डॉ. गौर के जीवन पर आधारित जीवनी प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न शैक्षणिक नाटकों, भाषणों एवं पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं दर्जनों विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
फार्मेसी प्रिंसिपल डॉ. मिताली मिश्रा एवं एजुकेशन प्रिंसिपल डॉ. सीमा सिंह ने शिक्षा के महत्व एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर अपने विचार रखे।
बीएमसी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुमित रावत ने डॉ. हरिसिंह गौर के जीवन एवं संघर्षों से प्रेरणा लेते हुए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से देश एवं सागर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी श्री पंकज सोनी ने सकारात्मक सोच, निरंतर प्रयास एवं सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व बताया, वहीं CA एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अपनत्व सेवा समिति के श्री आर.डी. बड़ोनिया ने शिक्षा, संस्कार एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता का आधार बताया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों का डॉ. हरिसिंह गौर के योगदान एवं स्मृतियों को नमन करते हुए शॉल, श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में श्री नरेशगुप्ता , श्री . राम lसेवक श्रीवास्तव, कॉलेज के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री हिमांशु दुबे, संस्कृत विद्यालय के प्राचार्य श्री रामगोपाल दुबे सहित सैकड़ों विद्यार्थी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन महेश तिवारी, प्रकृतिसेवक एवं ब्रांड एंबेसडर, स्वच्छ भारत अभियान, सागर द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन संस्था के मुख्य मा.सं. प्रबंधक (म.प्र. एवं उ.प्र.)
श्री अखिलेश भार्गव द्वारा किया गया।






