ग्वालियर. मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने चुनाव लड़ने और टिकट को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दोटूक कहा कि उन्हें टिकट देने की किसी की औकात नहीं है. चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका फैसला वह खुद करती हैं. उमा भारती बुधवार को वृंदावन से भोपाल जाते समय ग्वालियर में रुकी थीं. बुखार आने के कारण उन्होंने यहां अल्प प्रवास किया. भोपाल रवाना होने से पहले रेलवे स्टेशन पर उन्होंने मीडिया से बातचीत की.
यूपी में एक बार और जीते तो 20 साल तक विपक्ष का सफाया: उमा भारती
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उमा भारती ने कहा कि इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने दावा किया कि भाजपा चुनाव जीतती है और उसे इसका भरोसा है. उमा भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार और जीत मिलने पर अगले 20 साल तक दूसरी पार्टियों का सफाया हो जाएगा.
‘चुनाव लड़ने का फैसला मेरा खुद का होता है’
आगामी चुनाव में टिकट मिलने के सवाल पर उमा भारती ने बेबाक अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा, “किसकी औकात है जो मुझे टिकट दे. मैं खुद तय करती हूं कि मुझे चुनाव लड़ना है या नहीं.” उनके इस बयान को चुनावी राजनीति में उनकी भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है.
शराबबंदी पर जनप्रतिनिधियों को घेरा
मध्य प्रदेश में शराबबंदी के मुद्दे पर उमा भारती ने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शराब को लेकर कानून बनाए हैं, लेकिन सरपंच से लेकर सांसद तक जनप्रतिनिधियों ने अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई. उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तारीफ करते हुए कहा कि वह उनसे बहुत खुश रहती हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि उनका साथ नहीं देते. मुख्यमंत्री अकेले कुछ नहीं कर सकते, इसके लिए जनप्रतिनिधियों को भी प्रयास करने होंगे.
शिवराज सिंह चौहान की शराब नीति की तारीफ
पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए उमा भारती ने कहा कि उनकी सरकार ने बहुत अच्छी शराब नीति बनाई थी. इस नीति में उन्होंने खुद सुझाव दिए थे. उन्होंने कहा कि शराब नीति का एक-एक कॉमा और फुलस्टॉप उन्होंने लगाया था और शिवराज सिंह चौहान ने उनके सुझावों को स्वीकार किया था.





