अब चिप्स, नमकीन और बिस्किट पर लाल निशान लगेगा, सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को दिए सख़्त निर्देश

नई दिल्ली. अब बाजार में मिलने वाले चिप्स, बिस्किट, नमकीन और अन्य पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की पहचान करना आसान हो जाएगा. इनमें तय सीमा से अधिक चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट होने पर पैकेट के सामने लाल रंग का षट्कोण (हेक्सागन) चेतावनी चिह्न लगाना होगा. सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) और केंद्र सरकार को इस संबंध में अहम निर्देश दिए हैं.

संविधान दिवस के मौके पर सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने पैकेट के सामने पोषण संबंधी जानकारी (FOPNL) को प्रभावी बनाने के लिए ये निर्देश जारी किए. अदालत ने कहा कि यह कदम देश में स्वास्थ्य के अधिकार को मजबूत करने और लोगों को खानपान के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. जस्टिस पारदीवाला ने कहा कि इस फैसले को सही भावना से लागू किया गया तो यह देश को स्वस्थ भविष्य की दिशा में आगे ले जाने में मदद करेगा. अदालत ने अपने फैसले में संवैधानिक प्रावधानों, मौलिक अधिकारों और नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए राज्य की जिम्मेदारी को भी शामिल किया.

हर पोषक तत्व के लिए अलग होगा लाल चेतावनी चिह्न

सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि जिन खाद्य पदार्थों में निर्धारित सीमा से अधिक फैट, शुगर या नमक होगा, उनके पैकेट पर प्रत्येक पोषक तत्व के लिए अलग-अलग षट्कोणीय चेतावनी लेबल लगाया जाए. इसमें संबंधित पोषक तत्व का चित्र और ‘हाई फैट’, ‘हाई शुगर’ या ‘हाई सॉल्ट’ जैसे स्पष्ट शब्द लिखे होने चाहिए. अदालत ने स्पष्ट किया कि तीनों पोषक तत्वों के लिए एक संयुक्त चेतावनी चिह्न लगाने के बजाय प्रत्येक के लिए अलग लेबल होना जरूरी है, ताकि ग्राहक आसानी से समझ सकें कि संबंधित उत्पाद में किसकी मात्रा अधिक है.

पैकेट के सामने 4 से 5 प्रतिशत जगह जरूरी

पीठ ने निर्देश दिया कि प्रत्येक चेतावनी चिह्न पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल का 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरे. इसके अलावा FSSAI को ऐसा फॉन्ट साइज निर्धारित करने को कहा गया है, जिससे सामान्य खरीदारी और इस्तेमाल के दौरान चेतावनी आसानी से पढ़ी जा सके.

चीनी और फैट की मात्रा तय करने के नियम भी बदलेंगे

अदालत ने FSSAI को पोषक तत्वों की निर्धारित सीमा (थ्रेशहोल्ड वैल्यू) तय करने के लिए टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाने का निर्देश दिया है. साथ ही वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर इनकी सीमा का दोबारा निर्धारण करने को कहा है. यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि तय मानक न तो जरूरत से ज्यादा सख्त हों और न ही बहुत ढीले.

जनहित याचिका पर आया फैसला

सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट ‘3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी’ की याचिका पर आया है. याचिका में केंद्र सरकार, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश देने की मांग की गई थी. अदालत के इन निर्देशों का उद्देश्य ग्राहकों को खाद्य पदार्थों की वास्तविक पोषण संबंधी स्थिति से अवगत कराना है, ताकि वे खरीदारी के दौरान बेहतर और स्वास्थ्य के अनुकूल विकल्प चुन सकें.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें