11 जुआरियों को पकड़ा, ₹11,500 भी जब्त किए… फिर नाम बताने से पुलिस ने क्यों बनाई दूरी?

सागर। मोतीनगर पुलिस ने जुआ फड़ पर दबिश देकर 11 लोगों को पकड़ने और उनके कब्जे से ₹11,500 नकद व 52 ताश के पत्ते बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए अधिकारियों के निर्देशन से लेकर टीम की कार्रवाई तक का पूरा ब्यौरा प्रेस नोट में दिया, लेकिन जिन 11 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया, उनके नाम तक सार्वजनिक नहीं किए।
पुलिस के मुताबिक पुरानी काली माता मंदिर के सामने पंतनगर वार्ड में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए-पैसों की हार-जीत का दांव लगा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर मोतीनगर थाना प्रभारी की टीम ने दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर 11 लोगों को पकड़ लिया गया।
मौके से ₹11,500 और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। पुलिस ने धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने की जानकारी दी है।
कार्रवाई की कहानी पूरी, आरोपी कौन यह जानकारी अधूरी
पुलिस के प्रेस नोट में एसपी से लेकर एएसपी और सीएसपी के मार्गदर्शन का उल्लेख है। कार्रवाई कैसे हुई, कहां हुई और क्या-क्या बरामद हुआ, यह भी बताया गया है। लेकिन 11 आरोपियों की पहचान से संबंधित कोई जानकारी नहीं है।
मीडिया के लिए जारी सूचना में नाम नहीं होने से यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि पकड़े गए लोग कौन हैं, किस क्षेत्र के निवासी हैं और किसके कब्जे से कितनी रकम बरामद हुई।
सिर्फ बरामदगी के आंकड़े बताकर खत्म कर दी जानकारी
पुलिस की कार्रवाई की खबर में ₹11,500 और 52 ताश के पत्तों का आंकड़ा प्रमुखता से बताया गया है। लेकिन कार्रवाई से जुड़े कई अहम तथ्य गायब हैं। इससे सवाल उठता है कि क्या पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति का उद्देश्य पूरी जानकारी देना है या सिर्फ कार्रवाई की उपलब्धि बताना?

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें