गृहमंत्री अमित शाह की बिगड़ी तबीयत, फूड प्वाइजनिंग की शिकायत

हुबली. कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अचानक तबीयत बिगड़ गई. वह फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिसके चलते उन्हें अपने सभी तय सार्वजनिक और उद्घाटन कार्यक्रम रद्द करने पड़े. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस बात की आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि अब अमित शाह की सेहत में सुधार है और वह पूरी तरह ठीक हैं.

तय कार्यक्रम के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह को हुबली के गबूर स्थित केएलई जगद्गुरु गंगाधर महास्वामीगलु मूरुसाविरमठ चिकित्सा महाविद्यालय की नई शैक्षणिक इमारत और 1,200 बिस्तरों वाले आधुनिक केएलई अस्पताल व चिकित्सा अनुसंधान केंद्र का भव्य उद्घाटन करना था. हालांकि, स्वास्थ्य बिगडऩे के कारण वह समारोह के मंच पर नहीं पहुंच सके. स्थानीय नेताओं के अनुसार, दिल्ली रवाना होने के लिए हवाई अड्डा जाते समय शाम को उन्होंने कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर का दौरा जरूर किया.

बेलगावी दौरा रद्द, होटल में ही रुके रहे शाह

हुबली के अलावा अमित शाह का बेलगावी जिले का दौरा भी पूरी तरह रद्द कर दिया गया. वहां उन्हें चिक्कोडी तालुक के एक्सांबा में श्री बीरेश्वर कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटीÓके मुख्यालय की नवनिर्मित इमारत का लोकार्पण करना था. केएलई सोसाइटी के अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रभाकर कोरे ने सभा को संबोधित करते हुए बताया कि डॉक्टरों की सख्त सलाह के चलते गृह मंत्री होटल में ही आराम कर रहे हैं और उन्होंने जनता के नाम अपना संदेश भिजवाया है. शाह इन कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार देर रात ही हुबली पहुंच चुके थे.

उल्टियों से कमजोरी, अन्य नेताओं ने संभाला मंच

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि फूड पॉइजनिंग और उल्टी होने के कारण अमित शाह को काफी कमजोरी आ गई थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें सफर न करने की सलाह दी. शाह की गैरमौजूदगी में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री शरण प्रकाश पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और बेलगावी के सांसद जगदीश शेट्टार ने संयुक्त रूप से संस्थानों का उद्घाटन संपन्न कराया. जोशी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद गृह मंत्री की हालत अब सामान्य और स्थिर है.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें