नई दिल्ली. लंबे समय से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी संभाल रहीं हरमनप्रीत कौर ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी. हरमनप्रीत के कप्तानी छोडऩे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि भारतीय महिला टीम की अगली कप्तान कौन होगी. कप्तानी की दौड़ में स्मृति मंधाना को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है.
हरमनप्रीत कौर ने अपने पोस्ट में लिखा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोडऩा उनके लिए आसान फैसला नहीं था. उन्होंने कहा कि इस फैसले के पीछे वर्षों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे कई पल हैं, जो जीवनभर उनके साथ रहेंगे.
मैंने टीम के लिए अपना सब कुछ दिया
भारत को विश्व कप का खिताब दिलाने वाली हरमनप्रीत ने कहा कि उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट और टीम के लिए अपना सब कुछ दिया. उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपना खून-पसीना, समय और कई बार अपने खेल तथा निजी महत्वाकांक्षाओं का भी हिस्सा टीम के लिए समर्पित किया. हरमनप्रीत ने कहा कि ऐसे कई मौके आए जब उन्हें अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, करियर की तरक्की और निजी इच्छाओं को पीछे रखना पड़ा, क्योंकि उनके लिए टीम हमेशा सबसे पहले रही.
कप्तान के तौर पर मेरा दौर खत्म, लेकिन सफर जारी
हरमनप्रीत ने अपने पोस्ट में कहा कि उन्होंने कप्तान के रूप में अपने सफर के दौरान मुश्किल दौर से लेकर शानदार जीत तक सब कुछ देखा है. उन्होंने लिखा कि उन्होंने दिल टूटने का दर्द, आलोचना, संदेह और ऐसे दिन भी देखे जब कुछ भी टीम के पक्ष में नहीं था. इसके साथ ही उन्होंने जीत, जश्न, देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व और ऐसे यादगार पल भी देखे, जिन्होंने हर त्याग को सार्थक बना दिया. कप्तानी छोडऩे के फैसले को लेकर हरमनप्रीत ने कहा कि वह भावनाओं से भरे दिल के साथ, लेकिन मन में शांति के साथ यह जिम्मेदारी छोड़ रही हैं. उनका मानना है कि भारतीय महिला टीम अब सही स्थिति में है और उसमें प्रतिभा, चरित्र, भरोसा तथा शानदार भविष्य की क्षमता मौजूद है.
स्मृति मंधाना के नाम की चर्चा तेज
हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोडऩे के बाद अब भारतीय महिला टीम के नए कप्तान को लेकर चर्चा तेज हो गई है. स्मृति मंधाना को इस जिम्मेदारी के लिए सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है. हालांकि, अंतिम फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और टीम प्रबंधन की ओर से किया जाएगा. हरमनप्रीत ने साफ किया है कि कप्तानी का अध्याय भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन भारतीय महिला क्रिकेट के साथ उनका सफर जारी रहेगा. उन्होंने टीम के भविष्य को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि वह आगे भी इस टीम का हिस्सा बनने और उसके सफर को देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं.









