हरिद्वार. निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने शुक्रवार को हरिद्वार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. करीब 19 साल जेल में रहने के बाद नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट से आखिरी मामले में बरी होकर वह बाहर आया था. वह हरिद्वार के उत्तरी क्षेत्र भूपतवाला में मंदिर के सामने चाय की दुकान में फंदे से लटका मिला. प्रारंभिक जांच में सुसाइड की वजह पारिवारिक क्लेश बताया जा रहा है.
पुलिस का कहना है कि तीन दिन पहले उसने चाय की दुकान खोली थी. मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. दुकान से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है. बता दें कि साल 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने निठारी कांड के दोषी सुरेंद्र कोली को बरी कर दिया था. 2006 में निठारी हत्या व दुष्कर्म कांड सामने आया था. इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सुरेंद्र कोली को फांसी की सजा सुनाई थी. 2015 में न्यायालय ने फांसी की सजा में राहत देते हुए उम्रकैद सुनाई थी.









