कर्नाटक : एसपी ऑफिस के अंदर पॉस्को एक्ट के आरोपी टीचर ने किया सुसाइड, हड़कंप मचा

रामनगर. कर्नाटक के रामनगर जिले में बच्चों के साथ यौन शोषण के आरोपी फिजिकल एजुकेशन टीचर ने रविवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय परिसर में कथित रूप से जान दी. रामनगर महिला पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था.

रविवार को एक घटना हुई जहां पॉक्सो केस में आरोपी एक फिजिकल एजुकेशन टीचर ने एसपी ऑफिस की बिल्डिंग से गिरकर सुसाइड कर लिया. मृतक शशिधर बेंगलुरु साउथ जिले के चन्नापटना तालुक के अक्कुर होसाहल्ली गांव का फिजिकल एजुकेशन टीचर था.

शशिधर पर बच्चों के साथ यौन शोषण के आरोप लगे थे. रामनगर महिला पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था. आगे की जांच के लिए रविवार सुबह मेडिकल जांच के बाद उसे फिंगरप्रिंटिंग के लिए एसपी ऑफिस लाया गया. जहां उसने कथित रूप से आत्महत्या कर ली. शशिधर पिछले 15 सालों से चन्नपटना तालुक के एक सहायता प्राप्त हाई स्कूल में काम कर रहा था.

घटना पर रिएक्शन देते हुए रामनगर के एसपी रोहन जगदीश ने कहा कि शशिधर को पॉक्सो केस के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया. यह केस चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट के एक अधिकारी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था. आरोप थे कि शशिधर ने पिछले दो सालों में छात्राओं का यौन शोषण किया था. पांच लड़कियों ने टीचर के खिलाफ बयान दिया था. बताया गया कि इस मामले में महिला पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी.

रविवार सुबह उस आदमी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने का इंतजाम किया गया था. मेडिकल चेक-अप के बाद एसपी ऑफिस की तीसरी मंजिल पर एमसीयू यूनिट में उसके फिंगरप्रिंट रिकॉर्ड किए जा रहे थे. उसी समय उसने कांस्टेबलों को धक्का दिया और तीसरी मंजिल से गिरकर सुसाइड कर लिया.

गिरने से उसके सिर में गहरी चोट लगी और हॉस्पिटल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. शशिधर के परिवार ने आरोप लगाया है कि इस घटना के लिए पुलिस और स्कूल हेडमास्टर जिम्मेदार हैं, और कहा कि उसके खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए गए. टाउन पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है, और एसपी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें