डीजे बजा तो निकाह नहीं पढ़ाएंगे इमाम-काजी, समाज के फैसले पर युवाओं ने उठाए सवाल

छतरपुर संवाददाता
शादी में डीजे बजेगा या नहीं, अब इसी बात पर निकाह पढ़ाने का फैसला होगा। छतरपुर में मुस्लिम समाज के उलेमाओं और वरिष्ठ लोगों की बैठक में तय किया गया है कि जिस बारात में डीजे बजेगा और नाच-गाना होगा, वहां निकाह नहीं पढ़ाया जाएगा। यह नियम शहर के साथ बाहर जाने वाली बारातों पर भी लागू रहेगा। मुस्लिम समाज के सदर और पार्षद जिब्राइल राइन ने शुक्रवार को इस फैसले की घोषणा की।
राइन ने बताया कि निकाह पढ़ाने से पहले परिवार से यह वचन लिया जाएगा कि बारात में डीजे और नाच-गाना नहीं होगा। परिवार के भरोसे के बाद ही निकाह की रस्म पूरी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज में पहले से ही शादी समारोहों में डीजे और नाच-गाने पर रोक थी, लेकिन कुछ परिवार निकाह पहले करवा लेते थे और बाद में बारात में डीजे बजाते थे। इसी परंपरा को रोकने के लिए अब यह व्यवस्था लागू की गई है।
निकाह के बाद डीजे बजाने की परंपरा पर भी रोक
समाज के सदर के मुताबिक, जिस शादी में डीजे बजेगा, वहां शहर की किसी भी मस्जिद के इमाम या काजी नहीं जाएंगे और निकाह नहीं पढ़ाया जाएगा। फैसला लागू करने के पीछे समाज में शादी-विवाह के दौरान होने वाली फिजूलखर्ची रोकना, युवाओं को गलत दिशा में जाने से बचाना, विवादों को खत्म करना और सादगी का संदेश देना उद्देश्य बताया गया है।
उलेमाओं ने भी धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं के अनुरूप शादी समारोह आयोजित करने की अपील की है। उनका कहना है कि शादी को दिखावे और अनावश्यक खर्च से दूर रखकर सादगी से संपन्न कराया जाना चाहिए।
समाज में दो राय, युवा वकील बोले- व्यक्तिगत आजादी पर रोक ठीक नहीं
बैठक में लिए गए फैसले के बाद मुस्लिम समाज में चर्चा तेज हो गई है। एक वर्ग इसे शादियों में सादगी लाने और खर्च कम करने की अच्छी पहल मान रहा है, वहीं कुछ लोग इसे व्यक्तिगत आजादी में दखल बता रहे हैं।
मुस्लिम समाज के युवा वकील जुनैद खान ने फैसले से अलग राय रखते हुए कहा कि किसी की व्यक्तिगत आजादी पर रोक लगाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में शादी समारोह में गाना-बजाना या डीजे बजाना गैरकानूनी नहीं है। जिसे समाज के नियम मानने हैं, वह अपनी इच्छा से मान सकता है, लेकिन किसी नियम को दूसरों पर थोपना उचित नहीं है।
सादगी की पहल या व्यक्तिगत स्वतंत्रता का सवाल?
समाज के एक पक्ष का मानना है कि शादी में अनावश्यक खर्च और दिखावे को रोकने के लिए सामूहिक निर्णय जरूरी हैं। वहीं दूसरा पक्ष इसे परिवारों की पसंद और व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहा है। फिलहाल इस फैसले को लेकर समाज में समर्थन और विरोध, दोनों तरह की राय सामने आ रही हैं।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें