हीरापुर में अवैध शराब का गोदाम पकड़ा, 2.80 लाख की 261 बल्क लीटर विदेशी शराब जब्त

सागर। जिले में जहरीली और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहगढ़ थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में एक मकान से 261 बल्क लीटर विदेशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है। आबकारी विभाग के अनुसार, यह मकान फरार आरोपी मनीष लोधी द्वारा शराब गोदाम के रूप में इस्तेमाल किए जाने की सूचना थी।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने हीरापुर स्थित मकान पर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें ओल्ड मोंक व्हिस्की, लंदन प्राइड वोदका, ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की, गोवा रम, व्हाइट मिस्चीफ, रॉयल सिलेक्ट, फॉक्स ऑरेंज, 8 पीएम व्हिस्की, महावत व्हिस्की, रॉयल स्टैग व्हिस्की, ग्रीन लेबल व्हिस्की और ब्लैक फोर्ट रम शामिल हैं।
261 बल्क लीटर शराब मिलने से मचा हड़कंप
एक ही मकान से इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी शराब मिलने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। टीम ने शराब को जब्त कर लिया है और अब इसके स्रोत तथा सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि इतनी मात्रा में शराब कहां से लाई गई और इसे आगे कहां खपाया जाना था।
आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
आबकारी विभाग ने मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सियाराम चौधरी, राजेंद्र बिलावर और शैलेंद्र सिंह, आबकारी मुख्य आरक्षक प्रदीप दुबे, आबकारी आरक्षक दीपेन्द्र उदैनिया, दिलीप, राजवीर सिंह, आरती पटेल, अंकिता साहू और पूनम ठाकुर सहित विभागीय वाहन चालक सुधीर घोषी, रितेश रजक और प्रदीप ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!