नई दिल्ली. बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाया है. उनकी उम्मीदवारी से संसद के उच्च सदन में उनकी सदस्यता जारी रहने का रास्ता साफ हो गया है. पुरी का मौजूदा राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है.
बीजेपी ने बुधवार, 28 अक्टूबर को एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर पुरी को उम्मीदवार घोषित किया. चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश में इस सीट के लिए 12 नवंबर को मतदान कराने की घोषणा की है.
हरदीप सिंह पुरी वर्ष 2021 से केंद्र सरकार में पेट्रोलियम मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इससे पहले वह केंद्रीय शहरी विकास मंत्री भी रह चुके हैं. भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के पूर्व अधिकारी पुरी जनवरी 2014 में बीजेपी में शामिल हुए थे. वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें अमृतसर से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें कांग्रेस के गुरजीत सिंह औजला के हाथों हार का सामना करना पड़ा.
तेल संकट के बीच अहम फैसला
हरदीप पुरी को दोबारा राज्यसभा भेजने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है. भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कूटनीतिक प्रयास कर रहा है.
मंगलवार को पुरी ने रूस से कच्चे तेल की खरीद पर कहा था कि भारतीय रिफाइनरियां उन आपूर्तिकर्ताओं से तेल खरीदेंगी, जो सबसे बेहतर कीमत देंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि वैश्विक बाजार में अनिश्चितता के बीच भारत की प्राथमिकता ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना है.









