जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी रवि लखेरा गिरफ्तार, बारायठा में भागने की कोशिश पर पुलिस से मुठभेड़

सागर। बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों में शामिल रवि लखेरा को पुलिस ने बारायठा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस से उसका शॉर्ट एनकाउंटर हुआ। कार्रवाई के दौरान आरोपी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है
रवि लखेरा का नाम इस पूरे शराब नेटवर्क में प्रमुखता से सामने आया था। जांच में सामने आया था कि वह नकली शराब तैयार करने और उसकी सप्लाई से जुड़े गिरोह का सरगना रहा है। ललितपुर पुलिस ने मई 2026 में एक नकली शराब फैक्ट्री का खुलासा करते हुए रवि लखेरा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सागर के बंडा क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में नकली शराब की सप्लाई की जानकारी सामने आई थी।
नकली रैपर और QR कोड लगाकर खपाते थे शराब
जांच एजेंसियों के मुताबिक गिरोह नकली शराब को असली ब्रांड जैसा दिखाने के लिए फर्जी रैपर, ढक्कन और QR कोड का इस्तेमाल करता था। इसके बाद शराब को सागर जिले के ग्रामीण इलाकों तक पहुंचाया जाता था। रवि लखेरा को इस नेटवर्क का प्रमुख व्यक्ति बताया गया था।
मई में ललितपुर पुलिस ने पकड़ा था गिरोह
ललितपुर पुलिस ने 4 मई 2026 को रवि लखेरा और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। ललितपुर पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक रवि लखेरा छतरपुर जिले का निवासी है और उसके खिलाफ मध्यप्रदेश में शराब से जुड़े मामले भी दर्ज हैं। उस मामले में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने और गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की बात भी कही गई थी।
बंडा कांड के बाद जांच तेज
बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस ने शराब के पूरे नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी है। जांच अब केवल शराब बेचने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्माण, कच्चे माल की सप्लाई, पैकेजिंग और गांवों तक वितरण की पूरी चेन खंगाली जा रही है। इसी क्रम में रवि लखेरा की तलाश भी तेज की गई थी।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद इस गिरफ्तारी को बंडा जहरीली शराब कांड की जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है। आरोपी से पूछताछ के बाद शराब नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आने की संभावना है।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!