सागर से हटाए गए IPS अनुराग सुजानिया का इस्तीफा, जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

भोपाल/सागर। मध्यप्रदेश पुलिस महकमे से बड़ी खबर सामने आई है। सागर के पूर्व पुलिस अधीक्षक आईपीएस अनुराग सुजानिया के इस्तीफे की खबर से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। सुजानिया को हाल ही में सागर एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) पदस्थ किया गया था।
सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठे थे। इस मामले ने प्रदेश की राजनीति में भी तूल पकड़ा था। विपक्ष ने अवैध शराब के कारोबार और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सरकार को घेरा था।
शराब कांड के बाद बदले गए थे एसपी
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले के बाद तत्कालीन एसपी अनुराग सुजानिया को हटाने की मांग उठ रही थी। इसके बाद 27 अक्टूबर को राज्य शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए उन्हें सागर से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में एआईजी की जिम्मेदारी दी। उनकी जगह संजीव कुमार सिन्हा को सागर का नया एसपी बनाया गया।
मुरैना में भी शराब कांड के दौरान थे एसपी
अनुराग सुजानिया का नाम इससे पहले मुरैना के जहरीली शराब कांड के दौरान भी चर्चा में आया था। मुरैना में उनके एसपी रहते जहरीली शराब से 24 लोगों की मौत हुई थी। अब सागर में भी इसी तरह की घटना के बाद उन्हें जिले की कमान से हटाया गया।
उनके इस्तीफे की खबर ने एक बार फिर मध्यप्रदेश पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें