देवास। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान जान गंवाने वाले खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी के परिवार को सरकार ने बड़ी राहत देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवंगत टीआई की पत्नी कविता को अनुकंपा नियुक्ति के तहत सब इंस्पेक्टर (एसआई) पद पर नौकरी देने और परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे इंदौर-बैतूल हाईवे पर अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ने पहुंचे टीआई दिलीप पुरी को चालक ने ट्रक से कुचल दिया था। गंभीर रूप से घायल टीआई को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री ने टीआई पुरी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सरकार की घोषणा के मुताबिक उनकी पत्नी को पुलिस विभाग में एसआई पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। साथ ही परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
टीआई पुरी के परिवार में पत्नी कविता के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। अब मुख्यमंत्री की घोषणा से परिवार को आर्थिक संबल मिलने के साथ पत्नी को सरकारी सेवा में जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलेगा।











