वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक धमाका : 28 गेंदों में ठोका शतक, दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को पछाड़ा

नई दिल्ली. भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है. साल 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने महज 28 गेंदों में शतक जड़कर नया इतिहास रच दिया. इस शानदार उपलब्धि के साथ वैभव ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उनकी इस पारी ने कई दिग्गज बल्लेबाजों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए.

वैभव ने शुरुआत से ही विपक्षी गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. उन्होंने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद भी उनका आक्रामक अंदाज जारी रहा और अगली 12 गेंदों में शतक पूरा कर लिया. इस तरह उन्होंने केवल 28 गेंदों में 100 रन बनाकर क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया.

जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ बने नंबर-1

वैभव सूर्यवंशी से पहले सबसे तेज लिस्ट ए शतक का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था. उन्होंने 2023 में एडिलेड में तस्मानिया के खिलाफ साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए 29 गेंदों में शतक लगाया था. वैभव ने एक गेंद कम खेलकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज एबी डिविलियर्स तीसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 2015 में जोहान्सबर्ग में वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेंदों में शतक जड़ा था. लंबे समय तक इस पारी को क्रिकेट की सबसे यादगार पारियों में गिना जाता रहा.

सबसे तेज लिस्ट ए शतक लगाने वाले बल्लेबाज

बल्लेबाज गेंदें साल
वैभव सूर्यवंशी 28 2026
जेक फ्रेजर-मैकगर्क 29 2023
एबी डिविलियर्स 31 2015
साकिबुल गनी 32 2025
ईशान किशन 33 2025

चौथे स्थान पर बिहार के बल्लेबाज साकिबुल गनी हैं, जिन्होंने 2025 में रांची में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 32 गेंदों में शतक लगाया था. वहीं, झारखंड की ओर से खेलते हुए ईशान किशन ने 2025 में अहमदाबाद में कर्नाटक के खिलाफ 33 गेंदों में शतक जड़कर पांचवां स्थान हासिल किया था.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें