यमुना एक्सप्रेसवे पर धू-धू कर जली छतरपुर आ रही खजुराहो ट्रैवल्स की बस, 40 यात्रियों की बची जान

मथुरा/छतरपुर। उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से मध्यप्रदेश के छतरपुर आ रही खजुराहो ट्रैवल्स की बस में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त बस में 40 यात्री सवार थे। बस में आग की लपटें उठते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक की सतर्कता और सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास हुई। दिल्ली से छतरपुर जा रही खजुराहो ट्रैवल्स की बस में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग का पता चलते ही चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को नीचे उतरने में मदद की।
कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में
यात्रियों के बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों से घिर गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद बस जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। समय रहते सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा जनहानि वाला हादसा टल गया।
चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
रात के समय एक्सप्रेसवे पर चलती बस में आग लगना यात्रियों के लिए बेहद भयावह स्थिति थी। बस में 40 लोगों की मौजूदगी के बावजूद चालक ने घबराने के बजाय तत्काल बस रोककर यात्रियों को बाहर निकलने का मौका दिया। उसकी सतर्कता से सभी यात्रियों की जान बच गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें