RBI के नए मनी ट्रांसफर नियम लागू, कैश से पैसे भेजने पर 5 हजार की लिमिट, और भी बहुत कुछ जानिए

नई दिल्ली. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश के भीतर कैश के जरिए पैसे भेजने और प्राप्त करने की व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. 11 नवंबर 2026 को जारी ‘RBI (Domestic Money Transfer) Directions, 2026’ तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं. नए नियमों के तहत कैश आधारित मनी ट्रांसफर के लिए मोबाइल नंबर का सत्यापन, पहचान संबंधी दस्तावेज और अतिरिक्त प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है.

आरबीआई के इस फैसले का असर खासतौर पर उन लोगों पर पड़ेगा, जो बैंक खाते के बिना या बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट के माध्यम से दूसरे शहरों में अपने परिवार और परिचितों को नकद के जरिए पैसे भेजते हैं. नए नियमों में पैसे भेजने और प्राप्त करने की अलग-अलग सीमाएं निर्धारित की गई हैं.

एक बार में ₹10 हजार तक नकद प्राप्त कर सकेंगे

आरबीआई ने कैश पे-आउट सुविधा के तहत एक ट्रांजैक्शन में अधिकतम 10,000 रुपये नकद प्राप्त करने की अनुमति दी है. हालांकि, एक लाभार्थी को पूरे महीने में इस सुविधा के तहत अधिकतम 25,000 रुपये ही मिल सकेंगे.

इस व्यवस्था में बैंक खाताधारक अपने खाते से किसी ऐसे व्यक्ति को पैसे भेज सकता है, जिसका संबंधित बैंक में खाता नहीं है. लाभार्थी अधिकृत एजेंट, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (BC), एटीएम या अन्य स्वीकृत माध्यमों से नकदी प्राप्त कर सकता है.

बैंकों के लिए लाभार्थी का नाम और पता अपने रिकॉर्ड में रखना भी जरूरी होगा.

कैश जमा करके भेज सकेंगे ₹5,000

दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में नकद जमा करके पैसे भेजने की सुविधा पर भी सीमा निर्धारित की गई है.

  • बैंक शाखा से: ग्राहक सीधे बैंक शाखा में जाकर NEFT के माध्यम से लाभार्थी के खाते में 50,000 रुपये तक भेज सकता है.
  • BC और ATM के जरिए: एक ट्रांजैक्शन में अधिकतम 5,000 रुपये भेजे जा सकेंगे.
  • मासिक सीमा: BC, ATM और अन्य अधिकृत माध्यमों से इस सुविधा के तहत एक व्यक्ति महीने में अधिकतम 25,000 रुपये भेज सकेगा.

इसका मतलब है कि बैंक शाखा और अधिकृत एजेंटों के माध्यम से होने वाले कैश ट्रांसफर के नियम अलग-अलग होंगे.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें