केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 19.20 लाख श्रद्धालु पहुंचे

देहरादून. उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार (11 नवंबर) सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए. वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक पूजा-अर्चना और सेना के बैंड की धुनों के बीच कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया पूरी हुई. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के अंतिम दर्शन के लिए मंदिर परिसर में मौजूद रहे. कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का समापन हो गया.

यात्रा में 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष केदारनाथ धाम में देश-विदेश से 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. उन्होंने कहा कि कपाट बंद होने का अवसर धार्मिक और भावनात्मक, दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण है. इस दौरान सभी धार्मिक अनुष्ठान परंपरा के अनुसार संपन्न कराए गए.

ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में होगी पूजा

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना होगी. अगले छह महीने तक बाबा केदार की नियमित पूजा-अर्चना यहीं की जाएगी. धार्मिक परंपरा के अनुसार, सर्दियों में केदारनाथ धाम के कपाट बंद रहने के दौरान भगवान की पूजा शीतकालीन प्रवास स्थल पर होती है. बीकेटीसी अध्यक्ष ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले तीर्थ पुरोहितों, केदार सभा, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन का आभार जताया. उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि इस वर्ष केदारनाथ नहीं पहुंच पाने वाले भक्त ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा के दर्शन कर सकते हैं.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें