जबलपुर. मप्र हाईकोर्ट प्रशासन ने न्यायिक अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए सात अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं. मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर रजिस्ट्रार जनरल धर्मेन्द्र सिंह द्वारा जारी आदेश में जबलपुर मुख्य पीठ, इंदौर और ग्वालियर खंडपीठ के साथ विभिन्न जिला न्यायालयों में जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है.
इंदौर और ग्वालियर खंडपीठ में नई नियुक्तियां
आदेश के अनुसार, सागर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश अखिलेश कुमार मिश्रा को इंदौर खंडपीठ का प्रधान रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है. इंदौर में पदस्थ अनूप कुमार त्रिपाठी को रतलाम कुटुंब न्यायालय का प्रधान न्यायाधीश बनाया गया है. सीहोर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश वैभव मंडलोई को जबलपुर मुख्य पीठ में प्रधान रजिस्ट्रार (आईएलआर एवं परीक्षा) की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उनके स्थान पर अजय सिंह ठाकुर को सीहोर पदस्थ किया गया है. वहीं, रामजी गुप्ता को ग्वालियर खंडपीठ का प्रधान रजिस्ट्रार बनाया गया है.
सतर्कता और निरीक्षण जोन में भी बदलाव
इंदौर जोन के प्रधान जिला न्यायाधीश निरीक्षण राजीव कुमार आयाची को जबलपुर मुख्य पीठ में ओएसडी नियुक्त किया गया है. ग्वालियर खंडपीठ के प्रधान रजिस्ट्रार राजीव के. पाल को इंदौर जोन में प्रधान जिला न्यायाधीश निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है. प्रधान रजिस्ट्रार सतर्कता राजेन्द्र कुमार शर्मा सीनियर को जबलपुर जोन का प्रधान जिला न्यायाधीश निरीक्षण बनाया गया है. उनके स्थान पर अजय प्रकाश मिश्र को प्रधान रजिस्ट्रार सतर्कता नियुक्त किया गया है. अनूपपुर में नियमित अधिकारी की पदस्थापना होने तक प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश आशुतोष अग्रवाल प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे.








