खाद वितरण में लापरवाही पर कलेक्टर की कड़ी कार्रवाई: बंद मिला मार्कफेड गोदाम, गोदाम प्रभारी निलंबित

सागर ब्यूरो 

किसानों को खाद वितरण में आ रही समस्याओं एवं खाद गोदाम समय पर न खुलने की शिकायतों को सागर जिला प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के स्पष्ट निर्देशों पर मंगलवा को खुरई रोड स्थित नई गल्ला मंडी के मार्कफेड खाद गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण दल जब दोपहर 12:30 बजे गोदाम पहुँचा, तो गोदाम पूरी तरह बंद पाया गया और खाद वितरण की प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई थी। दूर-दराज से आए किसान कड़क धूप में परेशान हो रहे थे। टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गोदाम खुलवाया और ई-टोकन प्रणाली के जरिए मौके पर मौजूद किसानों को खाद का सुचारू वितरण शुरू कराया। पूरी घटना का स्थल पर ही पंचनामा तैयार किया गया।

निर्धारित समय का उल्लंघन, अनुपस्थित मिले अधिकारी

शासकीय नियमानुसार खाद गोदाम संचालन का समय प्रातः 08:00 बजे से सायं 08:00 बजे तक निर्धारित है। इसके बावजूद गोदाम समय पर नहीं खोला गया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ क्षेत्र सहायक एवं गोदाम प्रभारी श्री राजाराम सोनी कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए।

कलेक्टर के आदेश पर निलंबन की कार्रवाई

किसानों को हुई असुविधा और शासकीय कर्तव्यों में घोर लापरवाही को देखते हुए माननीय कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के आदेशानुसार गोदाम प्रभारी श्री राजाराम सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी खाद वितरण केंद्रों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से खुलें और ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से पारदर्शी एवं सुगम तरीके से खाद उपलब्ध कराएं। औचक निरीक्षण की इस कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री अनिल राय एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री कुलदीप क्रिश्चियन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें