सागर ब्यूरो
मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए 13 नवंबर का दिन महत्वपूर्ण रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को शिवपुरी जिले के पिछोर से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त की राशि महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित करेंगे। इस दौरान प्रदेश की पात्र हितग्राही महिलाओं के खातों में 1,831 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पिछोर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक से योजना की राशि अंतरित करेंगे। इसके बाद पात्र महिलाओं के बैंक खातों में किस्त की राशि पहुंचने की प्रक्रिया शुरू होगी।
42वीं किस्त का महिलाओं को इंतजार
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल है। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। 42वीं किस्त के अंतरण से प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी।
खाते में राशि आने पर ऐसे करें जांच
हितग्राही महिलाएं किस्त जारी होने के बाद अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक कर सकती हैं। इसके लिए बैंक की पासबुक अपडेट कराने, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग अथवा बैंक से प्राप्त एसएमएस के माध्यम से राशि आने की जानकारी ली जा सकती है।



