श्रीकृष्ण पर धीरेन्द्र शास्त्री की टिप्पणी पर बवाल, बागेश्वर धाम कूच के ऐलान पर हाईवे जाम

छतरपुर. भगवान श्रीकृष्ण पर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर छतरपुर में विवाद बढ़ता जा रहा है. यादव महासभा के अध्यक्ष दामोदर यादव ने टिप्पणी के विरोध में बागेश्वर धाम पहुंचकर तालाबंदी करने का एलान किया है. इसके बाद धाम समर्थक भी विरोध के लिए लामबंद हो गए हैं. सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में युवक लाठियां लेकर प्रदर्शनकारियों को धमकाते नजर आ रहे हैं. इससे दोनों पक्षों के बीच टकराव की आशंका बढ़ गई है.

बृजपुरा के पास हाईवे पर लगाया जाम

शुक्रवार को विवाद ने उस समय तनावपूर्ण रूप ले लिया, जब बागेश्वर धाम के समर्थकों ने बृजपुरा के पास नेशनल हाईवे-39 पर जाम लगा दिया. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. स्थिति को देखते हुए छतरपुर और बागेश्वर धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि दोनों पक्ष आमने-सामने न आ सकें.

सोशल मीडिया पर दी जा रही धमकियां

विवाद के बीच सोशल मीडिया पर धाम समर्थकों के कई वीडियो सामने आए हैं. इनमें कुछ युवक लाठियों के साथ दिखाई दे रहे हैं. एक वीडियो में एक हजार से अधिक युवाओं के तैयार होने का दावा किया गया है. वहीं, गढ़ा निवासी उत्तम सिंह ने दामोदर यादव को चुनौती देते हुए कहा कि धाम पहुंचने वाले प्रदर्शनकारियों का जूतों से स्वागत किया जाएगा. इस तरह की बयानबाजी से तनाव और बढ़ने की आशंका है.

29 अक्टूबर की कथा में टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद

मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर को शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित कथा के दौरान पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी से हुई थी. उन्होंने भगवान राम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए कहा था कि श्रीकृष्ण तीन स्थानों से टेढ़े खड़े होते हैं, जबकि भगवान राम सीधे खड़े होते हैं. उन्होंने बांसुरी बजाने और गाय चराने को खेल बताते हुए धनुष चलाने को उससे अलग बताया था.

इस टिप्पणी पर यादव महासभा ने आपत्ति जताते हुए विरोध शुरू किया. अब बागेश्वर धाम में प्रदर्शन के एलान और समर्थकों की जवाबी चेतावनियों के बाद मामला कानून-व्यवस्था की चुनौती बन गया है. पुलिस-प्रशासन के सामने दोनों पक्षों के बीच टकराव रोकने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की चुनौती है.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें