भोपाल. मध्य प्रदेश में यात्री बसों में निर्धारित किराए से ज्यादा रकम वसूलने वाले ऑपरेटरों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती करने की तैयारी की है. अब ऐसी बसों के खिलाफ केवल चालान काटकर कार्रवाई पूरी नहीं होगी, बल्कि शिकायत सही पाए जाने पर बस जब्त की जाएगी. साथ ही संबंधित बस का परमिट रद्द करने के लिए परिवहन आयुक्त कार्यालय को अनुशंसा भेजी जाएगी.
परिवहन आयुक्त कार्यालय की ओर से मंगलवार को प्रदेश के सभी जिला परिवहन अधिकारियों (RTO) को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं. आदेश में ऑल इंडिया परमिट वाली बसों में अधिक किराया वसूली की शिकायतों की जांच करने और पुष्टि होने पर बसों को जब्त करने के लिए कहा गया है.



