भोपाल। भोपाल रेल मंडल के यात्रियों की सुविधाओं, रेल कनेक्टिविटी और स्टेशनों के विकास को लेकर राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने महामना एक्सप्रेस को रानी कमलापति स्टेशन तक बढ़ाने, भोपाल से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन चलाने और मंडी बामोरा स्टेशन पर तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव देने का प्रस्ताव रखा।
बैठक में सांसद अग्रवाल ने कहा कि छोटे शहरों और कस्बों के रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने मंडी बामोरा स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने और यहां प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल स्थापित करने की मांग भी उठाई।
बीना और मंडी बामोरा की सुविधाओं पर जोर
सांसद ने बीना रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) के माध्यम से पीपीपी मॉडल पर बड़े अस्पताल की स्थापना का सुझाव दिया। मंडी बामोरा स्टेशन पर प्रयागराज, इटारसी और पातालकोट एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी। भोपाल या रानी कमलापति स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी दिया। इस ट्रेन का ठहराव विदिशा, गंजबासौदा, मंडी बामोरा और बीना में रखने की मांग की गई।
बीना स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और जरूरी यात्री सुविधाओं के साथ बीना-सागर रेलवे अंडरब्रिज तथा मालगोदाम तक पहुंच मार्ग बनाने का मुद्दा भी उठाया। बीना-मालखेड़ी स्टेशन को दोबारा भोपाल मंडल में शामिल करने और झांसी व कटनी रेल लाइनों से जुड़ी मंडलीय सीमाओं के पुनर्निर्धारण की मांग की।
विंध्याचल एक्सप्रेस के समय में बदलाव का सुझाव
सांसद ने विंध्याचल एक्सप्रेस को भोपाल से शाम 6:20 बजे के बजाय 7:50 बजे रवाना करने का सुझाव दिया। भोपाल-जोधपुर ट्रेन का महादेवखेड़ी स्टेशन पर ठहराव देने और महादेवखेड़ी, समरखेड़ी व कंजिया स्टेशनों तक पहुंच मार्ग बनाने की मांग भी रखी। इसके अलावा महामना एक्सप्रेस का विस्तार रानी कमलापति स्टेशन तक करने का प्रस्ताव दिया।
स्टेशनों पर आवारा पशुओं की रोकथाम और शुद्ध पानी की मांग
बैठक में सांसद ने रेलवे स्टेशनों की स्वच्छता और यात्री सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त शुद्ध पेयजल और पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग की। स्टेशन परिसरों में आवारा पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए बाउंड्रीवाल, प्रवेश द्वार और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।
सांसद अग्रवाल ने रेलवे महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों से सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।









