सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जीरो टॉलरेंस नीति और कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिले में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान तेज हो गया है। शुक्रवार को बांदरी से मालथौन टोल तक NH-44 किनारे 20 से अधिक अवैध ढाबों, रेस्टोरेंट, होटलों और टपरों पर बुलडोजर चलाया गया।
प्रशासन ने सीमांकन के बाद शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को चिन्हित कर कार्रवाई की। सौरभ होटल/ढाबा, न्यू बुंदेला ढाबा, बुंदेला ढाबा, ओम साईं राम रेस्टोरेंट, राधा कृष्ण ढाबा और हरियाणा होटल समेत कई निर्माण जमींदोज किए गए। दर्जनों टपरे, शेड और व्यावसायिक काउंटर भी हटाए गए।
कार्रवाई एसडीएम सतीश वर्मा के मार्गदर्शन में राजस्व, नगर परिषद बांदरी और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी सुरक्षा बल व जेसीबी की मदद से की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर कब्जे और हाईवे किनारे के अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






