सागर ब्यूरो
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी गोपालगंज निरीक्षक घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में थाना गोपालगंज पुलिस ने मारपीट के एक प्रकरण में महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य छिपाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी शिवम परिहार निवासी ग्राम मांगेरोल, थाना बड़ाई, जिला फिरोजाबाद (उ.प्र.) द्वारा थाना गोपालगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 29 मई 2026 को वह अपने एक मित्र के साथ एक दुकान पर गया था। वहां बिल के भुगतान को लेकर दुकान संचालक पक्ष से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी अनस खान एवं उसके साथियों द्वारा फरियादी के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना गोपालगंज पुलिस द्वारा तत्काल प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना के महत्वपूर्ण साक्ष्यों को नष्ट कर पुलिस जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी अनस खान के छोटे भाई आकिब खान पिता आरिफ खान द्वारा घटना के सीसीटीवी फुटेज को छिपाने एवं वास्तविक तथ्यों को दबाने की नियत से दुकान में लगा डीवीआर निकालकर कहीं छिपा दिया गया था।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गोपालगंज के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिस पर पुलिस टीम ने त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी आकिब खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित छिपाया गया सीसीटीवी डीवीआर बरामद किया गया, जिसे विधिवत जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना गोपालगंज पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से न केवल अपराध के महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित किए जा सके, बल्कि जांच को प्रभावित करने एवं साक्ष्य मिटाने के आरोपी के प्रयास को भी विफल कर दिया गया। यह कार्रवाई अपराधियों को स्पष्ट संदेश है कि कानून से बचने अथवा साक्ष्य नष्ट करने का कोई भी प्रयास पुलिस की सतर्क निगाहों से नहीं बच सकता।
*गिरफ्तार आरोपी :*
आकिब खान पिता आरिफ खान
*बरामदगी :*
घटना से संबंधित सीसीटीवी डीवीआर
सराहनीय भूमिका :
थाना प्रभारी गोपालगंज निरीक्षक घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में थाना गोपालगंज पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










