कोलकाता. बंगाल के हुगली में भारी बवाल हो गया है. टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला किया गया है. वह कार्यकर्ताओं की रिहाई के लिए चंडीतला पुलिस स्टेशन में ज्ञापन सौंपने जा रहे थे. तभी प्रदर्शनकारियों ने उन पर हमला कर दिया. उनके साथ मारपीट भी की गई. इस दौरान प्रदर्शनकारियों काले झंडे दिखाए और चोर-चोर के नारे भी लगाए. इससे पहले टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला किया गया था.
आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान दूर से उन पर पत्थर फेंका गया. ये पत्थर कल्याण बनर्जी के सिर पर लगा, जिससे चोट खाकर वो जमीन पर गिर पड़े. उनके साथ बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया गया है. टीएमसी सांसद ने इस हमले का आरोप बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लगाया है. इस हमले के दौरान मौके पर जवान तैनात थे. उन्होंने कल्याण बनर्जी को सहारा भी देने की कोशिश की, लेकिन सिर पर चोट लगने की वजह से वो नीचे गिर गए.
अभिषेक बनर्जी पर हुआ था हमला
इसके पहले दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दौरे के दौरान तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी हमला कर दिया गया था. इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर शहर में शनिवार को सैकड़ों लोगों ने डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक पर पत्थर, अंडे फेंके. उन्हें गालियां भी दी. सांसद ने क्रिकेट हेलमेट पहनकर और अपने सहयोगियों की मदद से भीड़ से किसी तरह बच निकले और अपनी जान बचाई. अभिषेक बनर्जी पर उस वक्त हमला हुआ जब वो हिंसा के पीडि़तों से मिलने गए थे. ये हिंसा चुनाव के बाद हुई थी. हमले के बाद उन्होंने दावा किया कि बीजेपी कार्यकर्ता उन्हें जान से मारने की कोशिश कर रहे थे. कुछ अज्ञात लोगों ने नेता के साथ हाथापाई की और चोर, चोर के नारे भी लगाए.










