भोपाल कार्यालय
उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को नीमच में बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सैनिक की ड्यूटी लगाने के एवज में हर महीने रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद होमगार्ड विभाग में हड़कंप मच गया।
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरचा ने उज्जैन लोकायुक्त एसपी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नयागांव स्थित आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी लगाने के एवज में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान हर महीने 3 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। यह रकम कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से मांगी जा रही थी। शिकायतकर्ता ने 10 नवंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर इस संबंध में शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित के निर्देश पर शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया। इसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।



