जबलपुर. नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक डॉक्टर के खिलाफ महिला क्लर्क ने छेड़छाड़ और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने की शिकायत दर्ज कराई है. महिला ने डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर पर करीब एक साल से परेशान करने और पीछा करने का आरोप लगाया है. लार्डगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ऑफिस से घर तक पीछा करने का आरोप
महिला क्लर्क के मुताबिक, डॉक्टर उसके ऑफिस आने-जाने के दौरान पीछा करता था और कई बार उसके केबिन में घंटों बैठा रहता था. आरोप है कि वह मोबाइल पर चैटिंग के जरिए प्यार का इजहार करने के साथ आपत्तिजनक संदेश भी भेजता था. महिला ने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन डॉक्टर की हरकतें बंद नहीं हुईं. लगातार परेशान होने के बाद महिला ने परिजनों को इसकी जानकारी दी. मंगलवार रात वह परिवार के साथ लार्डगंज थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई. महिला ने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई हैं.
डॉक्टर ने भी महिला के भाई के खिलाफ कराई एफआईआर
मामले में इससे पहले डॉक्टर की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी. महिला के भाई ने जब डॉक्टर से इस संबंध में बात करने की कोशिश की तो दोनों के बीच विवाद हो गया. डॉक्टर ने रविवार को लार्डगंज थाने पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया था. इस शिकायत पर पुलिस ने महिला के भाई के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है. इसके बाद मंगलवार को महिला ने डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच
सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा. घटना के बाद मेडिकल कॉलेज में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. कर्मचारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है.




