नई दिल्ली. पिता को अपने पिता से विरासत में मिली संपत्ति पर बेटे का स्वत: जन्मसिद्ध अधिकार नहीं होता. ऐसी संपत्ति पर पिता का पूर्ण स्वामित्व स्थापित होने की स्थिति में वह अपनी इच्छा के अनुसार उसका उपयोग, हस्तांतरण या वसीयत कर सकता है. यहां तक कि वह अपने बेटे को भी संपत्ति में हिस्सा देने से इनकार कर सकता है. सुप्रीम कोर्ट ने संपत्ति के उत्तराधिकार और दावे से जुड़े एक मामले में यह महत्वपूर्ण कानूनी व्यवस्था दी है.
विरासत में मिली संपत्ति पर पिता का पूर्ण अधिकार
सुप्रीम कोर्ट ने संपत्ति संबंधी कानूनी प्रावधानों की व्याख्या करते हुए कहा कि पिता को विरासत या वसीयत के जरिए मिली संपत्ति हर स्थिति में संयुक्त हिंदू परिवार (HUF) की संपत्ति नहीं मानी जा सकती. यदि कानून के तहत उस संपत्ति पर पिता का पूर्ण स्वामित्व स्थापित हो जाता है, तो वह उसका स्वतंत्र रूप से प्रबंधन, बिक्री या हस्तांतरण कर सकता है. ऐसी स्थिति में बेटा केवल इस आधार पर संपत्ति में हिस्सेदारी का दावा नहीं कर सकता कि संपत्ति उसे दादा से प्राप्त हुई थी.
29 साल पुराना संपत्ति विवाद, बेटे की याचिका खारिज
जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह और जस्टिस सुनीता अग्रवाल की पीठ ने करीब 29 साल पुराने संपत्ति विवाद का निपटारा करते हुए बेटे की बंटवारे की मांग खारिज कर दी. मामले में बेटे ने वर्ष 1997 में पिता के खिलाफ मुकदमा दायर किया था. उसका तर्क था कि विवादित संपत्ति पैतृक और संयुक्त हिंदू परिवार की है, इसलिए उसमें उसका भी जन्म से अधिकार है.
निचली अदालतों से सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला
यह विवाद निचली अदालतों और हाईकोर्ट से होता हुआ सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था. शीर्ष अदालत ने मामले के दस्तावेजों और उत्तराधिकार कानून के प्रावधानों पर विचार करने के बाद पाया कि पिता को अपने पिता से प्राप्त संपत्ति में कानूनी रूप से पूर्ण स्वामित्व हासिल था. इसलिए बेटा इसे संयुक्त परिवार की संपत्ति बताते हुए बंटवारे की मांग नहीं कर सकता.
हर विरासत की संपत्ति में नहीं होता अगली पीढ़ी का जन्मसिद्ध अधिकार
इस फैसले से स्पष्ट होता है कि दादा से पिता को मिली हर संपत्ति में पोते का स्वत: जन्मसिद्ध अधिकार नहीं बनता. हालांकि, संपत्ति की प्रकृति, उसके अर्जित होने के तरीके और उत्तराधिकार से जुड़े कानूनी प्रावधानों के आधार पर अधिकार तय होंगे. इसलिए पैतृक संपत्ति और पिता को विरासत में मिली व्यक्तिगत संपत्ति के बीच अंतर करना जरूरी है.





