सागर, 15 सितंबर। बंडा जहरीली शराब त्रासदी के विरोध में मंगलवार को युवा कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के नेतृत्व में सागर में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता केंट शॉपिंग मॉल से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने कलेक्ट्रेट के बाहर थ्री-लेयर बैरिकेडिंग की और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने घनघोरिया सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचाया।
घनघोरिया ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बंडा में जहरीली शराब से दर्जनों लोगों की मौत हुई है, लेकिन पीड़ित परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार पर सरकार और प्रशासन को घेरा।
पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने घटना को “सरकारी हत्या” बताया। पूर्व विधायक तरवर लोधी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जहरीली शराब से कई परिवार बर्बाद हो गए, लेकिन सरकार आंकड़ों में उलझी है। पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन के इस्तेमाल को तानाशाही बताया।
प्रदर्शन में पूर्व सांसद आनंद अहिरवार, पूर्व विधायक सुनील जैन, तरवर लोधी, कमलेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।







