सागर के जरुआखेड़ा रेलवे स्टेशन पर पानी से भीगे नोट मिले, पुलिस ने कब्जे में लिए

सागर. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के जरूआखेड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर सोमवार 31 अगस्त को उस समय भीड़ जमा हो गई, जब लोगों ने जमीन पर 10, 20 और 100 रुपए के नोट बिखरे देखे. ये नोट लावारिस हालत में पड़े थे. नरयावली थाना क्षेत्र की जरूआखेड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत हुई इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कुजूर को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नोटों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

प्लेटफॉर्म पर मिले अधिकांश नोट पानी में पूरी तरह भीगे हुए थे. कुछ नोटों पर जंग लगने के निशान भी दिखाई दिए, जिससे उनकी हालत काफी खराब और सड़ी-गली लग रही थी. नोटों की खराब स्थिति के कारण उनकी गिनती करने में भी परेशानी आ रही थी. प्रारंभिक तौर पर बरामद रकम करीब एक हजार रुपए के आसपास बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी अंतिम राशि स्पष्ट नहीं की है.

प्लेटफॉर्म पर इस तरह बिखरे नोट मिलने के बाद मौके पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. स्थानीय लोगों में यह चर्चा थी कि यह रकम किसी दान पेटी की हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रकम कहां से आई और इसे प्लेटफॉर्म पर कौन छोड़कर गया.
पुलिस ने मौके से मिले सभी नोटों को जब्त कर लिया है. अब पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किसी व्यक्ति ने यहां रकम गिरने या छोडऩे की कोई सूचना तो नहीं दी थी.

खराब हालत के कारण नोटों की गिनती में परेशानी

पुलिस के लिए सबसे बड़ी परेशानी नोटों की खराब स्थिति है. पानी में भीगे होने के साथ कुछ नोटों पर जंग लगी हुई है और कई नोट सड़-गल चुके हैं. ऐसे में सभी नोटों को अलग-अलग करके उनकी सही संख्या और कुल राशि का पता लगाया जा रहा है. पुलिस जांच के बाद ही बरामद रकम की वास्तविक स्थिति सामने आएगी.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!