सागर। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव की तारीख घोषित होते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विभिन्न पदों के उम्मीदवार अधिवक्ताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। इसी बीच सह सचिव पद की उम्मीदवार सोमलता अग्निहोत्री का प्रचार अभियान अधिवक्ताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अनोखे अंदाज में जनसंपर्क कर रहीं अग्निहोत्री अधिवक्ताओं की रोजमर्रा की समस्याओं और संघ के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही हैं।
अग्निहोत्री का कहना है कि चुनाव में जीत मिलने पर उनका मुख्य उद्देश्य अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और कोर्ट परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार करना होगा। उनका जोर ऐसे कामों पर है, जिनका सीधा लाभ रोजाना न्यायालय आने वाले अधिवक्ताओं को मिल सके।
सबसे पहले कोर्ट परिसर में सफाई और डस्टबिन की व्यवस्था
सोमलता अग्निहोत्री ने कहा कि कोर्ट परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए पूरे कोर्ट परिसर में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाने और साफ-सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित कराने के लिए प्रयास किया जाएगा। उनका कहना है कि अधिवक्ताओं और पक्षकारों के लिए स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण जरूरी है।
बीमा राशि बढ़ाने की भी पहल
अधिवक्ताओं की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने अपनी प्राथमिकता स्पष्ट की है। अग्निहोत्री का कहना है कि अधिवक्ताओं के लिए उपलब्ध बीमा राशि में वृद्धि कराने की दिशा में संघ के स्तर से प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उनका मानना है कि अधिवक्ताओं और उनके परिवारों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
‘अधिवक्ताओं के हित और विकास के लिए रहूंगी तत्पर’
सह सचिव पद की उम्मीदवार सोमलता अग्निहोत्री ने कहा कि वे अधिवक्ता समाज के हित एवं विकास के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी। उनका प्रयास रहेगा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं को संघ के मंच पर मजबूती से उठाया जाए और उनके निराकरण के लिए लगातार काम किया जाए। चुनाव को लेकर उनके जनसंपर्क अभियान को लेकर अधिवक्ताओं के बीच भी चर्चा बनी हुई है।


