उफनते नाले में गिरी कार, दो बच्चों सहित सात शव बरामद, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

सारंगपुर. एमपी के राजगढ़ में ईको वैन उफनते नाले में बह गई. इसमें ड्राइवर समेत कुल 11 लोग सवार थे. अब तक 7 शव बरामद किए जा चुके हैं. इनमें तीन पुरुष, दो महिला और दो बच्चे शामिल हैं. एसडीईआरएफ का बचाव दल बाकी लोगों की तलाश कर रहा है. हादसा पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे में सोमवार सुबह करीब 9 बजे हुआ. सभी शवों को सारंगपुर लाया गया है.

जानकारी के मुताबिक, ईको सवार सभी लोग देवास के रहने वाले हैं. वे सतवास से कड़लावद गांव जा रहे थे. इनमें 3 पुरुष, 4 महिला और 4 बच्चे थे. कार सतवास के धांसड़ गांव निवासी मुकेश सिंह चौहान के नाम पर रजिस्टर्ड है. वही कार चला रहा था. मुकेश और हुकुम सिंह हादसे के बाद तैरकर नाले से बाहर निकल आए. हादसे के तुरंत बाद 4 लोगों की मौत की जानकारी आई थी लेकिन रेस्क्यू के दौरान मृतक संख्या बढ़कर 7 हो चुकी है.

अधूरा पुल नहीं देख पाया ड्राइवर

पड़ाना के पास झिरी नाले पर 30 फीट का पुल निर्माणाधीन है. तेज बारिश की वजह से पानी पुल के ऊपर बह रहा है. कार ड्राइवर को अधूरा पुल नहीं दिखा. उसने पुल के ऊपर कार चढ़ा दी, जो नाले में बह गई. सूचना मिलते ही एसडीएम रोहित बम्होरे और एसडीओपी अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे. क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया. इसमें कोई नहीं मिला है.

रोकने के बाद भी ड्राइवर ने पानी में बढ़ाई कार

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पुल पर पानी भरा था. हमने कार ड्राइवर को रोका. उसे कहा कि आगे घुटने तक पानी भरा है. गाड़ी मत निकालो, लेकिन वह नहीं माना. रोड पर रेलिंग नहीं होने की वजह से गाड़ी नाले में जा गिरी. हादसे से बच निकले मुकेश और हुकुम डरे हुए हैं. दोनों सारंगपुर अस्पताल में भर्ती हैं. टीआई राहुल रघुवंशी ने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म होने के बाद परिजन से संपर्क किया जाएगा.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!