भोपाल गए थे परिवार सहित, पीछे से चोरों ने साफ कर दिया घर; ताले तोड़कर लाखों के जेवर-नकदी ले उड़े

जतारा के प्रधानपुरा मोहल्ले में वारदात, सूने मकान को बनाया निशाना; सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

टीकमगढ़ से समीर खान की रिपोर्ट 
जिले के जतारा कस्बे के प्रधानपुरा मोहल्ले में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब मकान मालिक संतोष कुमार खरे अपने परिवार के साथ भोपाल गए हुए थे। गुरुवार को घटना का खुलासा तब हुआ, जब उनके छोटे भाई किसी काम से घर पहुंचे।
घर का मुख्य दरवाजा और अंदर के कमरों के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो अलमारियां खुली पड़ी थीं और सामान बिखरा हुआ था। अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही जतारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। चोरी गए सामान का सही आकलन मकान मालिक के भोपाल से लौटने के बाद ही हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि संतोष कुमार खरे कस्बे के प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं। उनके घर में हुई बड़ी चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की और मकान सूना मिलने पर वारदात को अंजाम दिया।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!