MP : राजधानी एक्सप्रेस की आग बुझाने जा रहीं दो रिलीफ ट्रेन दुघर्टनाग्रस्त, 5 कर्मचारी घायल

रतलाम. त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार 17 मई की सुबह करीब 5:15 बजे आग लग गई. हादसा रतलाम जिले के आलोट के पास लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुआ. इस हादसे में राहत, बचाव कार्य के लिए निकली दो रिलीफ ट्रेनें भी हादसे का शिकार हुई हैं. एक ट्रेन के खाई में गिरने से 5 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि एक अन्य ट्रेन के इंजिन के ब्रेक में आग लग गई.

उल्लेखनीय है कि राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12431) रात करीब 3.45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई. इसका अगला स्टॉप सुबह 8.45 बजे कोटा जंक्शन था, लेकिन राजस्थान में एंट्री से पहले लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के पास एसी कोच (बी-1) में आग लग गई. कोच में 68 यात्री सवार थे. करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली करा लिया गया. कुछ ही देर में आग ने बी-1 के पीछे लगे सेकंड लगेज कम गार्ड वैन को अपनी चपेट में ले लिया. अभी किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है. हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक रोका दिया था. वहीं, ट्रेन का बिजली कनेक्शन काटकर प्रभावित दोनों कोच को अलग कर दिया गया था.

हादसा स्थल जा रही दुर्घटना राहत गाड़ी हादसे का शिकार

राजधानी एक्सप्रेस हादसे के बाद राहत कार्य के लिए जा रही रेलवे की सीएंडडबलू (कैरेज एंड वैगन) विभाग की यातायात वैन हादसे का शिकार हो गई. वैन शामगढ़-सुवासरा के बीच अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई. हादसे में 5 से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हैं. सूचना मिलते ही मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को एंबुलेंस से कोटा रेफर किया गया है. फिलहाल, दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

रतलाम से गई रिलीफ ट्रेन में भी आग

रतलाम से राजधानी एक्सप्रेस हादसे के लिए रवाना की गई दुर्घटना रिलीफ मेडिकल वैन (रिलीफ ट्रेन) में रविवार सुबह आग लग गई. हालांकि, समय रहते रेलवे कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया. यह मेडिकल वैन घटना स्थल से करीब 3 किलोमीटर पहले लूणी रिछा स्टेशन तक पहुंची थी, तभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद रेलवे कंट्रोल से मेडिकल वैन को वापस रतलाम लौटने के निर्देश दिए गए. वापसी के दौरान सुबह करीब 9:40 बजे रूनखेडा स्टेशन के पास मेडिकल वैन के इंजन के ब्रेक में आग लग गई. इंजन से धुआं उठता देख टीम के कर्मचारी तुरंत नीचे उतरे और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया. रेलवे अधिकारी आग लगने के कारणों का पता लगा रहे हैं.

सिंगल लाइन पर शुरू हुआ ट्रेनों का संचालन

हादसे के बाद रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सूचना के लिए नागदा, उज्जैन एवं रतलाम स्टेशन पर हेल्प डेस्क शुरू कर दिए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद प्रभावित रेलखंड की अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया है. फिलहाल, रेलवे ने सिंगल लाइन वर्किंग शुरू की है, जिसके तहत अप और डाउन दोनों दिशा की ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है.

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!