बीना रेलवे स्टेशन पर प्रधान आरक्षक की हार्ट अटैक से मौत, सरकारी काम से ग्वालियर जाने की तैयारी में थे

ओपी ताम्रकार, बीना 

मध्यप्रदेश के बीना रेलवे स्टेशन से रविवार सुबह एक दु:खद खबर सामने आई, जहां ड्यूटी पर निकले एक प्रधान आरक्षक की अचानक मौत हो गई। बांदरी थाने में पदस्थ 55 वर्षीय प्रधान आरक्षक बालकिशन कोली की बीना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-3 पर हार्ट अटैक आने से मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक बालकिशन कोली किसी केस के सिलसिले में बीना से गुना होते हुए ग्वालियर जा रहे थे। रविवार सुबह वे ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे प्लेटफॉर्म पर ही गिर पड़े। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस को उनके पास मिले दस्तावेजों से उनकी पहचान हुई, जिसके बाद संबंधित थाना और परिजनों को सूचना दी गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव वाहन चालक वीरेन्द्र तिवारी की मदद से सिविल अस्पताल भिजवाया। प्रधान आरक्षक बालकिशन कोली की अचानक मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और व्यवहार कुशल अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि दी है।

और पढ़ें

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!