भोपाल ब्यूरो
शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से जुड़े मामले में मध्यप्रदेश सरकार को बड़ी सफलता मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार द्वारा दायर रिव्यू याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है। अब इस मामले की सुनवाई 13 मई को दोपहर 2 बजे ओपन कोर्ट में होगी। यह मामला उस फैसले से जुड़ा है, जिसमें शिक्षकों के लिए TET पास करना अनिवार्य बताया गया था। इस फैसले के बाद प्रदेश के कई शिक्षक और कर्मचारी संगठनों में चिंता बनी हुई थी। ऐसे में राज्य सरकार ने 17 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर की थी, ताकि शिक्षकों के हितों की रक्षा की जा सके। सरकार का कहना है कि इस सुनवाई से उसे अपना पक्ष विस्तार से रखने का मौका मिलेगा। साथ ही, कोर्ट द्वारा मामले पर दोबारा विचार करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी।









