सागर। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास तेज रफ्तार कंटेनर और अर्टिगा कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सागर जिले के भैंसा गांव के रहने वाले एक परिवार के सदस्य सोमवार सुबह अर्टिगा कार से बरमान में नर्मदा स्नान के लिए निकले थे। कार में कुल 10 लोग सवार थे। सभी धार्मिक यात्रा पर जा रहे थे, लेकिन गोपालपुरा के पास उनकी कार सामने से आ रहे कंटेनर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। उपचार के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या चार हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
नर्मदा स्नान के लिए निकले परिवार के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से भैंसा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक धार्मिक यात्रा पलभर में मातम में बदल गई।







