जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर के भेड़ाघाट स्थित हीरापुर में चल रही भागवत कथा के बीच श्री पंच अग्नि अखाड़े के महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी (ईश्वरानन्द महाराज) पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगे हैं. राजस्थान की एक युवती द्वारा दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई-मेल भेजकर सुरक्षा की मांग और यौन शोषण के आरोप लगाए जाने के बाद शुक्रवार 13 फरवरी को जबलपुर स्थित उनके आश्रम में भारी अनिश्चितता का माहौल देखा गया. स्वामी ने खुद को कमरे में कैद कर लिया.
10 एकड़ में फैले इस विशाल आश्रम में 9 से 15 फरवरी तक भागवत कथा का आयोजन हो रहा है. शुक्रवार को जब उत्तम स्वामी को व्यासपीठ पर बैठना था, तब वे दोपहर 3:30 बजे तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकले. सूत्रों के अनुसार, उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया है और किसी से भी मिलने से परहेज कर रहे हैं. काफी इंतज़ार के बाद शिष्यों ने उनकी तबीयत खराब होने का हवाला दिया और उनकी जगह एक अन्य शिष्य ने कथा को आगे बढ़ाया. कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद हैं, जहाँ भाजपा नेताओं के साथ उत्तम स्वामी के पोस्टर भी लगे हुए हैं.
पीडि़ता के गंभीर आरोप
राजस्थान निवासी युवती का आरोप है कि उत्तम स्वामी ने धर्म की आड़ में नाबालिग होने के समय से ही कई वर्षों तक उसका यौन शोषण किया. युवती ने दिल्ली पुलिस को लिखे पत्र में बताया कि शिकायत करने की भनक लगते ही उसे धमकियां मिल रही हैं और समझौते का दबाव बनाया जा रहा है. उसने आरोपी के रसूख को देखते हुए अपनी जान को खतरा बताया है और 24 घंटे पुलिस सुरक्षा की मांग की है. इस मामले ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है. मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा और आरएसएस से जुड़े नेताओं के साथ उत्तम स्वामी के संबंधों का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, अभी तक प्रशासन या भाजपा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.






