छतरपुर से राजा ठाकुर
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर थाने में युवक की आत्महत्या से सनसनी फैल गई। मृतक को शनिवार को पुलिस पूछताछ के लिए लाई थी। इस घटना से जिले में हड़कंप मच गया। मृतक का नाम राजेश पटेल बताया जा रहा है, जो राजनगर थाना क्षेत्र के इमिलिया का रहने वाला था।
पुलिस हिरासत में बंद राजेश थाने में मौजूद महिला डेस्क के बाथरूम में गया था। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर जान दे दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित 5 अनुविभाग के एसडीओपी सहित भारी संख्या में पुलिस बल थाने में पहुंच गया। कस्टडी में हुई इस मौत ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भीड़ को लेकर थाने पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं मृतक के परिजनों ने 2 पुलिस कर्मियों पर 50 हजार रूपए मांगने का आरोप लगाया।जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।







